गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के न्याय खंड-1 स्थित काला पत्थर रोड पर मौजूद एक इंस्टामार्ट स्टोर में गुरुवार को अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी तेज थी कि स्टोर के अंदर रखे सामान में धमाके होने लगे। ब्लास्ट की तेज आवाज से आसपास के लोग दहशत में आ गए और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जमा हो गए। आग की ऊंची-ऊंची लपटें और धुएं का गुबार दूर तक दिखाई देता रहा।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का अभियान शुरू किया। पुलिस ने एहतियात के तौर पर आसपास के क्षेत्र को खाली कराया और लोगों को सुरक्षित दूरी पर रहने की सलाह दी।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। राहत की बात यह है कि अभी तक किसी के हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। दमकल विभाग और पुलिस की टीमें मामले की जांच में जुटी हैं। आग से हुए नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है।
