लखनऊ: उत्तर प्रदेश लोक आयुक्त संगठन के 50वें स्थापना दिवस समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। गोमतीनगर स्थित लोक आयुक्त कार्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता लोक आयुक्त न्यायमूर्ति संजय मिश्रा ने की।मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर लोक आयुक्त प्रशासन की स्मारिका और सूचना पुस्तिका का विमोचन किया। समारोह में संगठन की पांच दशक की विकास यात्रा और उपलब्धियों पर आधारित विशेष प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसमें गठन से लेकर अब तक की कार्यप्रणाली, शिकायतों की जांच और प्रमुख उपलब्धियों को क्रमवार प्रदर्शित किया गया।

तकनीक और सुधारों का जिक्र मुख्यमंत्री ने प्रदेश में सुशासन के लिए किए गए तकनीकी सुधारों का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि 2017 में जनता दर्शन में आने वाली 60 प्रतिशत शिकायतें राशन वितरण से जुड़ी होती थीं। सभी 80 हजार राशन की दुकानों पर ई-पॉश मशीनें लगाकर उन्हें मुख्यालय से जोड़ा गया, जिससे शिकायतें लगभग शून्य हो गईं और 16 करोड़ लोगों को पारदर्शी तरीके से मुफ्त राशन मिल रहा है। राजस्व विभाग में भी भूमि संबंधी लंबित मामलों के लिए समयबद्ध प्रक्रिया लागू की गई।
