ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे पर बुधवार देर रात करीब 12 बजे एक चलती स्लीपर बस में अचानक भीषण आग लग गई। हादसा जेवर थाना क्षेत्र में दयानतपुर गांव के पास हुआ। बस ग्रेटर नोएडा से महोबा की ओर जा रही थी।
आग लगते ही बस में सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। कई यात्रियों ने खिड़कियों और दरवाजे से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। हालांकि आग तेजी से फैलने के कारण कुछ यात्री बस के अंदर फंस गए।
हादसे में 9 यात्रियों की मौत हुई है, जबकि कई लोगों के घायल होने की सूचना है। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस और दमकल टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।
बस में आग किस वजह से लगी, इसकी जांच की जा रही है। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें बस आग की ऊंची लपटों से घिरी नजर आ रही है।
हादसे के बाद यमुना एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।
